गुरुवार, 24 दिसंबर 2015

शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत

समूचा उत्तर भारत शीतलहर और घने कोहरे की चपेट है। पहाड़ी राज्यों में उंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का क्रम जारी है इसका प्रभाव
मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। घने कोहरे के कारण रेल, हवाई तथा सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ट्रेनें कई-कई घंटे विलंब से चल रही है और कुछ ट्रेनों को रद भी करना पड़ा रहा है।
लगातार तेवर बदल रहे मौसम पर बुधवार को भारी पड़ी धूप ने दिन भर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को गर्माहट दी हालांकि कुछ स्थानों पर सर्दी ने दिन में भी सिहरन का अहसास भी कराया। प्रदेश के बाकी हिस्सों में दिन में भी तीखी हवा से कंपकंपी छूटती रही। शाम से लेकर सुबह तक पहले की तरह पूरे प्रदेश में गलन बरकरार है। कई स्थानों पर सुबह कोहरे की झीनी चादर तनी रही। उत्तर प्रदेश शीत की चपेट में आने से दस लोग मौत का शिकार हुए हैं।
सर्द हवाओं के कारण राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप बुधवार को जारी रहा। इसके साथ ही घने कोहरे ने राजधानी वासियों की दिनचर्या का विशेष प्रभावित किया। बुधवार को सुबह 8.30 पर न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह 6.30 बजे नई दिल्ली में अनेक स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता घटकर सौ मीटर रह गई थी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आसमान सामान्यतया खाली रहेगा, जबकि घने कोहरे की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
पंजाब और हरियाणा में तेज शीत लहर का प्रकोप जारी है। पंजाब में बुधवार को अमृतसर 2.2 डिग्री सेल्शियस के साथ सबसे ठंडा रहा। इसी तरह हरियाणा में नारनौल 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। हिसार में भी तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य से कम रहा।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को सर्दी के इस सीजन का पहला हिमपात हुआ। शिमला में दोपहर एक बजे से फाहे गिरने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। यहां इस बार 'व्हाइट क्रिसमस' की उम्मीद है जिसके लिए पर्यटकों ने यहां दस्तक देना शुरू कर दिया है। राजधानी का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे लुढ़क गया व शीतलहर चल रही है।
सोमवार से जम्मू-कश्मीर में शुरू हुए चिल्लेकलां ने अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को उच्च पर्वतीय इलाकों बर्फबारी हुई तो निचले क्षेत्रों में शीतलहर के प्रकोप बढ़ने से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। बुधवार को गुलमर्ग व लद्दाख प्रांत का लेह क्षेत्र से ज्यादा ठंडा रहा। गुलमर्ग न्यूनतम तापमान -11.4 डिग्री के साथ राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान वादी में कई स्थानों पर हलकी बर्फबारी व बारिश की संभावना है। वहीं, बर्फबारी के चलते कश्मीर को पुंछ से मिलाने वाला एतिहासिक मुगल रोड यातायात के लिए फिर से बंद किया गया।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच आज सुबह-सुबह कोहरा घना हो गया। शीतलहर और कोहरे के बीच प्रदेश पूरी तरह ठिठुर गया। जयपुर में अगले दो दिनों में पाला पड़ने के आसार है। जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दृश्यता का स्तर 600 मीटर था। प्रदेश में सबसे ठंडा शेखावाटी का फतेहपुर कस्बा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरे नंबर पर चूरू रहा। रात का पारा 2.5 डिग्री रहा।
उत्तराखंड में अगले 72 घंटे हाड़कंपा देने वाली शीत लहर के बीच गुजरेंगे। बुधवार को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री व यमुनोत्री समेत ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से वहां ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार को मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री पर पहंुच गया, जबकि टिहरी समेत कई क्षेत्रों में यह एक से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम पारा चार से छह डिग्री सेल्सियस रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.