शुक्रवार, 16 अक्तूबर 2009

डाल्फिन और मंजूषा को जानेंगे विदेशी पर्यटक

विदेशी पर्यटकों को लेकर जहाज फिर भागलपुर आ रहा है। 19 को यह दल कहलगांव में रात्रि विश्राम करेगा। यह जानकारी बिहार राज्य टूरिज्म डवलपमेंट कारपोरेशन के उप महाप्रबंधक नवीन कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 17 को विदेशी पर्यटकों का दल बोधगया, राजगीर, नालंदा जाएगा। 18 को मुंगेर आने का कार्यक्रम है। वहां से दल 19 को कहलगांव पहुंचेगा। कहलगांव के रास्ते दल पश्चिम बंगाल चला जाएगा। उधर, मुंगेर में जहाज पर मंदार नेचर क्लब के अरविन्द मिश्रा और गोपाल मिश्र सवार होंगे तथा इस इलाके में पाये जाने वाले गंगेटिक डाल्फिन सहित बर्ड के विषय में विस्तृत व्याख्यान देंगे। सुल्तानगंज में नाबार्ड के संयोजकत्व में दिशा और एसीड संस्था द्वारा मंजूषा कला और सिल्क उत्पाद की प्रदर्शनी पर्यटकों को दिखायी जाएगी। यह ग्रुप भागलपुर में उतर जाएगा। डीजीएम ने बताया कि कहलगांव में पर्यटक पान की खेती और ताड़ी उतारने की विधि देखेंगे। बटेश्वर स्थान सहित विक्रमशिला के भग्नावेष का अवलोकन करेंगे।

जिला कैरम टीम का चयन

नवगछिया नगर पंचायत अन्तर्गत राजेन्द्र कालोनी स्थित हाल में शुक्रवार को बिहार राज्य कैरम संघ के तत्वावधान में 19 वीं बिहार राज्य कैरम प्रतियोगिता 2009 के लिए भागलपुर जिला कैरम टीम का चयन किया गया। जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद के अनुसार टीम स्पर्धा के लिए जय कुमार सोनी (भागलपुर), संजय कुमार (नवगछिया), गौरव केजरीवाल एवं अमित केजरीवाल (पीरपैंती) का चयन हुआ है, जबकि व्यक्तिगत स्पर्धा अंडर 18 के लिए मुकेश कुमार एवं मो. नजीम नवगछिया का चयन हुआ है। श्री प्रसाद के अनुसार प्रतियोगिता 19 अक्टूबर को पटना में होगी। जिसकी तिथि में परिवर्तन भी संभव है।

गुरुवार, 15 अक्तूबर 2009

न्यायमूर्ति ने किया जेल व न्यायालय का निरीक्षण


बुधवार को पटना हाई कोर्ट की जस्टिस श्रीमती सीमा अली खान ने नवगछिया में जेल व हाजत न्यायालय संबंधित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। वो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत लगभग आठ बजे यहां पहुंची थीं और देर शाम तक विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाजत में गेट, बिजली एवं पंखा की व्यवस्था करने, जेल में चापाकल व पानी टंकी लगवाने के साथ पूरे न्यायालय क्षेत्र को चाहरदिवारी घेरने एवं जेनरेटर की व्यवस्था करने का आदेश अनुमंडल पदाधिकारी कपिलदेव महतो को दिया। इसके अलावा पुलिस पदाधिकारियों को समय पर अनुसंधान पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। इस दौरान उन्होंने कई मामलों को भी सुना तथा अभिलेखों का अवलोकन भी किया। बता दें कि गुरुवार से न्यायालय में बहस की प्रक्रिया साढ़े दस बजे से शुरू होगी।

दोषी गैस वितरकों पर दर्ज होगी प्राथमिकी

नवगछिया एसडीओ कपिलदेव महतो ने अपने कार्यालय में गुरुवार को गैस वितरकों से स्पष्ट कहा कि ग्राहकों से ज्यादा कीमत नहीं ले, शिकायत मिलने पर दोषी वितरकों पर प्राथमिकी दर्ज होगी। मामले में अगर कोई संबंधित आपूर्ति पदाधिकारी भी दोषी पाए जाएंगे तो उन पर भी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही भारत गैस के वितरक देवी गैस एजेन्सी के वितरण व्यवस्था की देख रेख के लिए मुकेश कुमार प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रंगरा, इंडियन गैस वितरण व्यवस्था के लिए आमोद कुमार सिंह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नवगछिया तथा हिन्दुस्तान गैस वितरण व्यवस्था एवं देख रेख हेतु कामेश्र्वर पासवान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी खरीक को अधिकृत किया गया।इसी क्रम में आपूर्ति व्यवस्था को सुढृढ़ बनाने के लिए कूपन वितरण, रख रखाव आवंटन उपाबंटन, माल का उठाव एवं वितरण संबंधी विस्तृत दिशा निर्देश सभी आपूर्ति पदाधिकारियों को दिया गया। इसके अलावा सभी प्रखंड मुख्यालय में आपूर्ति पदाधिकारियों के लिए रुम, टेबुल, कुर्सी, ट्रंक तथा सहायक की व्यवस्था संबंधित आदेश सभी बीडीओ को देने की बात बतायी। बैठक के दौरान सभी गैस वितरकों को उपभोक्ताओं से व्यवहार संबंध को मधुर बनाने की भी चेतावनी दी गई तथा अपने व्यापारिक स्थल पर गैर लाइसेंसी सामानों की बिक्री नहीं करने की भी चेतावनी दी। इसके अलावा गैस के वितरण संबंधी विवरण का दैनिक प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। इसी क्रम में मेसर्स देवी गैस एजेंसी के मालिक युगल किशोर साह को उपभोक्ताओं से अभद्र एवं गलत व्यवहार करने वाले दो कर्मचारियों को बदलने की भी सलाह दी गई। इंडियन गैस के वितरक को स्थानीय उपभोक्ताओं की जरूरत पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी। बैठक में ही उपस्थित सभी आपूर्ति पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि किस क्षेत्र में कितना होम डिलीवरी किया जा रहा है उस पर रोजाना देखरेख करें। बैठक में आमोद कुमार सिंह, मुकेश कुमार कामेश्र्वर पासवान एवं लक्ष्मी प्रसाद सभी आपूर्ति पदाधिकारी एवं सभी गैस वितरक तथा सहायक मो. फिरोज भी उपस्थित थे।

जस्टिस से मिले सदस्य

बार एसोसिएशन नवगछिया के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने न्यायमूर्ति श्रीमति सीमा अली खां उच्च न्यायालय पटना सह इन्सपेक्टिंग जज नवगछिया से मिलकर अधिवक्ता संघ के भवन हेतु भूमि की बंदोबस्ती से संबंधित एक पत्र समर्पित किया।कहा कि कई वषरें से अधिवक्ता संघ नवगछिया का भवन कोर्ट परिसर में बिहार की जमीन पर निर्मित है। पर उसकी बंदोबस्ती की प्रक्रिया हेतु तैयार फाइल एडीएम भागलपुर के यहां लंबित है, जिसमें 54 डिसमिल भूमि की मांग की गयी है, लेकिन दिन प्रतिदिन अधिवक्ताओं की बढ़ती संख्या के कारण इसे कम से कम 87 डिसमिल भूमि की बंदोबस्ती कराई जाए।

गुरुवार, 8 अक्तूबर 2009

नौकाओं पर ओवरलोडिंग, हादसा संभव


भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में खगडि़या जैसी नौका हादसा तो टल गई। पर प्रशासन नहीं चेता तो यह हादसा कभी भी हो सकता है। खगडि़या की तरह ही नवगछिया में दो-दो नदियों में नौकाओं का परिचालन होता है। जहां अधिक पैसा कमाने की लालच में या फिर यात्रियों के जबरन चढ़ने के कारण क्षमता से अधिक यात्रियों एवं समानों को लाद कर नावों का परिचालन किया जा रहा है। नवगछिया अनुमंडल के बहुत से ऐसे इलाके हैं जहां यातायात का एक मात्र साधन नाव ही है। जहां नाविकों के रहमोकरम पर यात्रा संभव है। कई घाटों की बंदोबस्ती भी होती है तथा कई जगहों पर बिना किसी ठेके या बंदोबस्ती के नावों का परिचालन हो रहा है। इसी क्रम में नवगछिया प्रखंड के मिल्की घाट (नगहर सकुचा गुद्दर घाट) की बंदोबस्ती नहीं हो पाने के कारण यहां नावों से यात्रा करने वाले यात्रियों से सरकारी वसूली करायी जा रही है। जिसमें एक हल्का कर्मचारी राजा हुसैन तथा दो-तीन चौकीदार प्रतिनियुक्त हैं। फिर भी यहां छोटी नावों पर ओवर लोडिंग का सिलसिला जारी है। शनिवार की शाम भी ऐसा ही वाक्या नजर आया जब मिल्की घाट पर लगी छोटी नाव पर काफी संख्या में महिलाएं, बच्चे, पुरूष तथा घास के गट्ठर एवं साइकिल लदे थे। नाव विजय घाट से आयी थी तथा इस किनारे लगने से पहले ही उतरने की होड़ मच गयी। घाट के इस पार तो सरकारी कर्मचारी एवं चौकीदार तैनात हैं मगर उस पार भगवान भरोसे। नौका पहुंचने के कुछ ही देर पहले तेज हवा के साथ बारिश भी हुई थी। मौसम पूरी तरह साफ भी नहीं हुआ था। अगर तेज हवा में महिलाओं से भरी नौका फंस जाती तो इसका गवाह कौन बनता? इस बावत घाट पर तैनात लोगों का कहना है कि छोटी नाव पर तो लोकल लोग जाते हैं जो पैसा भी नहीं देते।