शनिवार, 17 अप्रैल 2010

समूह के माध्यम से पहचान बना रही महिलाएं


घरों की चहारदिवारी में रहने वाली महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से घरों के बाहर निकल कर अपनी पहचान को बनाए रखने के प्रयास की डीडीएम नाबार्ड नवीन राय, अग्रणी बैंक प्रबंधक मालवीय तथा एपीओ संजय ठाकुर सहित कई अधिकारियों ने काफी सराहना की। सभी लोग शुक्रवार को नवगछिया स्थित महिला सिलाई बुनाई केन्द्र समिति के प्रांगण में आयोजित एसएचपीआई परियोजना के अन्तर्गत पीआईएमसी एवं स्वयं सहायता समूह की बैठक में भाग लेने आए थे। जिसमें डीडीएम नवीन राय ने आर्थिक स्तर पर स्वावलंबी बनने तथा गृह उद्योगों को बढ़ावा देने की बात कही साथ ही सभी महिलाओं के लिए साक्षर होना जरूरी बताया। बैठक में नवजन लोक के निदेशक मदन मोहन ठाकुर, मनोज ठाकुर, सीमा कुमारी, रवि कुमार, शशि कुमार, रीता देवी,वीणा देवी, मीणा देवी, सहित काफी लोगों ने भाग लिया। अंत में राज कुमार प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

रेल पुलिस का मोर्चा स्थल ध्वस्त, थाना असुरक्षित


नवगछिया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर स्थित रेल थाना एवं पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के लिए बनाया गया वैकल्पिक मोर्चा स्थल कमजोर होने के कारण ध्वस्त हो गया है। तत्कालीक रूप से काम चलाने के उद्देश्य से प्लास्टिक बोरी में बालू भर कर बनाया गया था। जिसके संदर्भ में रेल थानाध्यक्ष हनुमान राम ने बताया कि इसके स्थाई निर्माण हेतु मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर तथा कार्य निरीक्षक थाना बिहपुर कुर्सेला भी कई बार मौखिक एवं लिखित मांग की गई है। जिसमें थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि इसके अभाव में यदि कोई घटना या वारदात होती है तो इसकी सारी जिम्मेवारी पूरी तरह से रेल प्रशासन की होगी। बावजूद इसके रेल प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पूरे भागलपुर जिला क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों भी काफी सक्रिय हैं। जिसमें यह रेल क्षेत्र काफी संवेदनशील भी माना जा रहा है। बताते चले कि नवगछिया रेल थाना हाल ही में सहायक थाना से उत्क्रमित होकर पूर्ण थाना का दर्जा प्राप्त किया है। जहां पुलिस कर्मियों की संख्या वही पहले वाली थी। जिसमें से कुछ एक पुलिसकर्मी का तबादला भी हुआ है। साथ ही इस रेल थाना का कार्य क्षेत्र खरीक, नवगछिया कटरिया, कुर्सेला, काढ़ागोला स्टेशन तक है तथा विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा हेतु गश्ती में भी जाना पड़ता है। जबकि रेल पुलिस अधीक्षक कटिहार ने नवगछिया रेल सहायक थाना के निरीक्षण क्रम में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने की बात कही थी। जिस पर अब तक कोई कदम भी नहीं उठाया गया है।

शनिवार, 3 अप्रैल 2010

बाजार बंद करेंगे व्यापारी, हुए गोलबंद

नए वित्तीय वर्ष के प्रारंभ होते ही नवगछिया नगर पंचायत ने नवगछिया के व्यापारियों को अपना नया रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पहली अप्रैल से नगर पंचायत नवगछिया द्वारा लगाए गए मनमाने कर की वसूली के खिलाफ स्थानीय व्यापारी गोलबंद होना शुरू हो चुके हैं। वे नगर पंचायत के व्यापार विरोधी नीति के खिलाफ शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी कपिलदेव महतो से मिलेंगे। अगर मामला नहीं सुलझा तो सोमवार को नवगछिया के व्यापारी जिलाधिकारी से मिल कर व्यापार पर शुरू हुए कुठाराघात से मुक्ति की गुहार लगाएंगे। इसके बावजूद भी अगर बात नहीं बनेगी तो नवगछिया के व्यापारियों ने व्यापार की बंदी कर बाजार को बंद करने पर मजबूर हो जाएंगे। उपरोक्त बातें नवगछिया के उन दर्जनों प्रमुख व्यापारियों ने कही है जो पहली अप्रैल से नगर पंचायत नवगछिया द्वारा लगाए गए मनमाने कर की वसूली भी शुरू कर चुके हैं। मनमाना कर बढ़ती महंगाई के दौर में आग में घी का काम कर रहा है। व्यापारियों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक ट्रक से पचास रुपया तथा छोटे वाहन जैसे मैक्सी से बीस रुपया की वसूली शुरू कर दी गई है।