शनिवार, 17 अप्रैल 2010

रेल पुलिस का मोर्चा स्थल ध्वस्त, थाना असुरक्षित


नवगछिया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर स्थित रेल थाना एवं पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के लिए बनाया गया वैकल्पिक मोर्चा स्थल कमजोर होने के कारण ध्वस्त हो गया है। तत्कालीक रूप से काम चलाने के उद्देश्य से प्लास्टिक बोरी में बालू भर कर बनाया गया था। जिसके संदर्भ में रेल थानाध्यक्ष हनुमान राम ने बताया कि इसके स्थाई निर्माण हेतु मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर तथा कार्य निरीक्षक थाना बिहपुर कुर्सेला भी कई बार मौखिक एवं लिखित मांग की गई है। जिसमें थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि इसके अभाव में यदि कोई घटना या वारदात होती है तो इसकी सारी जिम्मेवारी पूरी तरह से रेल प्रशासन की होगी। बावजूद इसके रेल प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पूरे भागलपुर जिला क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों भी काफी सक्रिय हैं। जिसमें यह रेल क्षेत्र काफी संवेदनशील भी माना जा रहा है। बताते चले कि नवगछिया रेल थाना हाल ही में सहायक थाना से उत्क्रमित होकर पूर्ण थाना का दर्जा प्राप्त किया है। जहां पुलिस कर्मियों की संख्या वही पहले वाली थी। जिसमें से कुछ एक पुलिसकर्मी का तबादला भी हुआ है। साथ ही इस रेल थाना का कार्य क्षेत्र खरीक, नवगछिया कटरिया, कुर्सेला, काढ़ागोला स्टेशन तक है तथा विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा हेतु गश्ती में भी जाना पड़ता है। जबकि रेल पुलिस अधीक्षक कटिहार ने नवगछिया रेल सहायक थाना के निरीक्षण क्रम में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने की बात कही थी। जिस पर अब तक कोई कदम भी नहीं उठाया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.