गुरुवार, 24 दिसंबर 2015

सांसद कीर्ति आजाद पार्टी से निलंबित, जेटली के खिलाफ मुंह खोलने की मिली सजा

भारतीय जनता पार्टी ने सांसद कीर्ति आजाद को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया है। भाजपा की ओर से मीडिया को जारी चिट्ठी में लिखा गया है कि
बिहार के दरभंगा से भाजपा सासंद कीर्ति आजाद को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित किया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कीर्ति आजाद को पार्टी से निलंबित करने का फैसला भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया।
भाजपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद को पार्टी विरोधी उनकी गतिविधियों के लिए तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित किया जाता है।’ पार्टी ने कहा कि आजाद को एक कारण बताओ नोटिस जारी करके उनसे उनके ‘पार्टी विरोधी व्यवहार’ की वजह बताने को कहा गया है। पार्टी ने कहा कि उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई उनके जवाब पर निर्भर करेगी।
आजाद ने पार्टी अध्यक्ष की हिदायतों की अवहेलना की थी और रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन करके दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को रेखांकित किया था जिसके जेटली 2013 तक 13 वर्षों के लिए अध्यक्ष रहे थे।
भाजपा सांसद आजाद को भारतीय किक्रेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी और पार्टी से नाराज चल रहे भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का समर्थन मिला था। आजाद ने उस संवाददाता सम्मेलन के बाद सोशल मीडिया पर खुली चुनौती दी थी और संसद में भी जेटली को निशाना बनाया था। इससे पार्टी ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की।
यद्यपि आजाद के तेवर में कोई नरमी नहीं आयी थी लेकिन जेटली ने उनके खिलाफ आगे नहीं बढ़ने का निर्णय किया था। जेटली ने हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के पांच अन्य नेताओं के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय और पटियाला हाउस अदालत में दीवानी और आपराधिक मानहानि के मामले दायर किये हैं। भाजपा जेटली के पीछे मजबूती से खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि वह बेदाग होकर सामने आएंगे। अमित शाह ने भी यह कहकर उनका समर्थन किया कि पार्टी उनके साथ एकजुट है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया में कहा कि बीजेपी की पोल खुल गई है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भाजपा के इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। भाजपा ने भ्रष्टाचार से लड़ने वाले को हटाया है। संजय सिंह ने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना चाहती है।
गौरतलब है कि डीडीसीए मामले में भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने वित्त मंत्री अरुण जेटली पर धांधली के आरोप लगाए थे। कीर्ति आजाद ने ट्वीट कर वित्त मंत्री अरुण जेटली को नपुंसक भी बताया था। हालांकि, बाद में कीर्ति आजाद ने अपने अकाउंट हैक होने की बात कही थी।  इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और संघ के थिंकटैंक रामलाल, कीर्ति आजाद को जेटली के खिलाफ नहीं बोलने की हिदायत दे चुके थे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.