सोमवार, 1 नवंबर 2010

ईवीएम में आज बंद होंगे 107 प्रत्याशियों के भाग्य

भागलपुर : जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे। मतदान संध्या पांच बजे तक होगा। सभी 1820 मतदान केन्द्रों पर मतदानकर्मी पहुंच गए हैं। शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न कराने के लिए ठोस व्यवस्था की गई है। मतदान बाद 107 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा।

इस बीच रविवार को दो बार हेलीकॉप्टर से जिले के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। सभी मतदान केन्द्रों पर सीपीएमएफ की प्रतिनियुक्ति की गई है। इधर, मतदानकर्मियों ने पालिटेकनिक संस्थान से ईवीएम का व सैंडिस कम्पाउंड से मतदान सामग्री का उठाव किया। मतदान पर नजर रखने के लिए 452 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, 158 सेक्टर पदाधिकारी तथा 337 माइक्रो आब्जर्वर और 115 कैमरा मैन लगाए गए हैं। 32 बूथों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

इससे पूर्व सैंडिस कंपाउंड में गश्ती दल, सेक्टर पदाधिकारियों और माइक्रो आब्जर्वर को जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल सिंह तथा एसएसपी संजय सिंह ने संबोधित किया और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी।

विधानसभा वार नियंत्रण कक्ष

जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल सिंह ने सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में नियंत्रण कक्ष का गठन किया है। इन कक्षों का दूरभाष संख्या निम्न है। भागलपुर विधानसभा में नियंत्रण कक्ष की प्रभारी सीडीपीओ पुष्पा कुमारी हैं। यहां का दूरभाष नम्बर 0641-2420058 है। बिहपुर की प्रभारी सीडीपीओ निरूपा कुमारी हैं। इसका दूरभाष संख्या 0641-2420036 है। गोपालपुर की प्रभारी सीडीपीओ श्रुति को बनाया गया है। यहां का दूरभाष संख्या 0641-2420026 है। पीरपैंती की प्रभारी सीडीपीओ पूनम कुमारी हैं। दूरभाष संख्या 0641-2420049 है। कहलगांव की प्रभारी अलका आम्रपाली हैं। दूरभाष संख्या 0641-2420098 है। सुल्तानगंज की प्रभारी सीडीपीओ पामेला टुडू हैं। दूरभाष संख्या 0641-2420059 है। नाथनगर की प्रभारी सीडीपीओ श्वेता कुमारी हैं। दूरभाष संख्या 0641-2420091 है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी निरंजन कुमार झा तथा नोडल पदाधिकारी विजय उपाध्याय हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.