रेलवे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रेलवे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 24 दिसंबर 2015

तत्काल टिकट के दाम बढे, सफ़र हुआ महंगा

रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों पर किराये का बोझ बढ़ा दिया है। रेलवे ने तत्काल टिकट के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। स्लीपर क्लास की तत्काल टिकट की बुकिंग के लिए अब आपको 175 रुपये अतिरिक्त चुकाने की बजाय 200 रुपये चुकाने होंगे। किराये की यह दर 25 दिसंबर से लागू होगी। रेलवे का कहना है कि उसने यात्री किराये से होने वाली कमाई को बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है। रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक एसी के तत्काल टिकट के किराये में भी बढ़ोतरी की गई है। थर्ड एसी के किराये में अधिकतम 400 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले यह 350 रुपये ही था। इसके अलावा न्यूनतम किराया भी अब 250 रुपये की बजाय 300 होगा। 
स्लीपर क्लास में तत्काल टिकट की बुकिंग के लिए न्यूनतम 90 रुपये अधिक लिए जाते थे, इसे बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। न्यूनतम और अधिकतम चार्ज दूरी के आधार पर तय किया जाता है। खासतौर पर एसी क्लास में सफर करने वालों को झटका लगा है, जबकि सेकंड क्लास के टिकटों में कोई बदलाव नहीं आया है। एसी-टू के यात्रियों को अब न्यूनतम 300 रुपये के स्थान पर 400 रुपये देना होगा। वहीं अधिकतम 400 रुपये की जगह पर 500 रुपये खर्च करना होगा। 
एग्जिक्युटिव श्रेणी में न्यूनतम तत्काल शुल्क को 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, जबकि अधिकतम शुल्क को 400 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। हालांकि द्वितीय श्रेणी के तत्काल शुल्क में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है और यह दूरी के आधार पर न्यूनतम 10 रुपये और अधिकतम 15 रुपये है। 

गुरुवार, 12 अगस्त 2010

डीआरएम ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

पूर्व मध्य रेलवे के बरौनी-कटिहार रेलखंड अन्तर्गत नवगछिया स्टेशन पर आदर्श स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण और सुधार कार्यों का निरीक्षण सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आरके. अग्रवाल ने किया। इस मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किये। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कई अधिकारियों को फटकार भी लगाई तथा कई को आवश्यक निर्देश भी दिये कि काम पूरा होने तक लाल रंग, सफेद पाउडर , ब्लू सूत एवं लाल चौक इत्यादि हमेशा मौजूद होना चाहिए। जो मिस्त्री अच्छे ढंग से काम नहीं कर रहे हैं उसे हटा दें। उन्होंने रिक्शा पड़ाव भी बनाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने पूछताछ कार्यालय को उन्नत व अद्यतन सुविधा संपन्न बनाने पर जोर दिया। मुसाफिर खाना में पंखों की संख्या बढ़ाने, ट्रेन सूचना बोर्ड बदलने का भी आदेश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे का पहला उन्नत पूछताछ केन्द्र नवगछिया में बनाया जा रहा है जहां बिना किसी टेलीफोन से या कंट्रोल से पता किये मेल, एक्सप्रेस तथा पैसेंजर गाडि़यों की ताजा स्थिति की जानकारी उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां आटोमेटिक ध्वनि प्रसारण सिस्टम भी लगाया गया है। साथ ही प्लेटफार्म एवं मुसाफिर खाना में गाडि़यां से संबंधित जानकारी के लिए डिस्पले सिस्टम भी लगाया गया है। जिसमें सोनी की फ्लैट टीवी अच्छी क्वालिटी की लगायी गयी है। इसके अलावे 139 की नि: शुल्क सुविधा भी जल्द चालू की जायेगी। जिससे यात्री स्वयं सारी सुविधा की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक के साथ मंडल कार्यालय के कई वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।